कब होगा एक्शन: धामी राज में सुरक्षित नहीं सरकारी अधिकारी-कर्मचारी

K.D.

हरिद्वार. तीन दिन गुजरने के बाद भी शिवालिक नगर पालिका कैंपस में जबरन घुसकर अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार के साथ धक्का मुक्की, गाली गलौज और अभद्रता करने के प्रकरण में रानीपुर पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। सरकारी मुलाजिम के साथ हुए प्रकरण में पुलिस का उदासीनता भरा रवैया हैरान कर देने वाला है। इधर, शिवालिक नगर पालिका कैंपस में भाजपाईयों की गुंडागर्दी को लेकर भय का माहौल बना हुआ है। पथ प्रकाश व्यवस्था से जुड़े कर्मचारी बेहद सहमे हुए है।

घटना नौ मई को शिवालिक नगर पालिका कैंपस में घटित हुई थी।   नगर निकाय चुनाव की  मतदाता सूची को अपडेट करने में जुटे अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार के कार्यालय में भाजपाई जबरन घुस गए थे। गुरुवार  देर रात  शिवालिक नगर भाजपा  मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी की अगुवाई में भाजपाईयों ने धावा बोल दिया था। भाजपाईयों ने पथ प्रकाश की व्यवस्था को उनके मन मुताबिक न किए जाने को लेकर  अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार की घेराबंदी कर अभद्रता की थी। यही नहीं अभद्रता करते हुए धक्का मुक्की तक पर उतर आए थे।बीच बचाव में आए महिला पुरुष कर्मचारियों को भी नहीं बख्शा था।
पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वॉयरल हो गया था।
पालिका के कर्मचारियों ने शिवालिक नगर  मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अंशुल शर्मा, देव विख्यात भाटी, गौरव गुर्जर, वेदांत चौहान समेत अज्ञात भाजपाईयों के खिलाफ लिखित में शिकायत दी थी लेकिन अब तक रानीपुर पुलिस तहरीर को दबाए बैठी है।   सत्तारुढ दल से जुड़ा मामला होने के चलते रानीपुर पुलिस चुप्पी साधे बैठी है। ऐसे में पालिकाकर्मी बेहद ही हताश है और जल्द ही नगर पालिका कर्मचारी किसी बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर सकते है, जिसका सीधे सीधे खामियाजा आमजनता को भुगतना होगा।

सम्बंधित खबरें