“हरिद्वार में सफाई महाअभियान: कांवड़ मेले के बाद अब गंगा घाटों और शहर को स्वच्छ बनाने में जुटा पूरा प्रशासनिक अमला, जनसहयोग से बन रहा है जनांदोलन, (देखें वीडियो)..

जनघोष-ब्यूरो
हरिद्वार:
कांवड़ यात्रा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिले में एक व्यापक सफाई महाअभियान की शुरुआत हुई।

यह अभियान न केवल प्रशासनिक स्तर पर चला, बल्कि इसमें सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक और शैक्षणिक संगठनों के साथ आम जनता ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

प्रशासनिक अमला खुद उतरा मैदान में……
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल, मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे और एचआरडीए उपाध्यक्ष अंशुल सिंह जैसे वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं गंगा घाटों और सीसीआर क्षेत्र में श्रमदान कर लोगों को प्रेरित किया।

डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि कांवड़ मेले के समापन के साथ ही 23 जुलाई की शाम से सफाई कार्य प्रारंभ कर दिया गया था। शहर को 13 जोनों में बांटकर, हर जोन में एक वरिष्ठ अधिकारी को निगरानी की जिम्मेदारी दी गई।

जन-जागरूकता और भागीदारी पर ज़ोर…..
सीडीओ आकांक्षा कोंडे ने कहा कि सफाई सिर्फ प्रशासन का कार्य नहीं, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि यदि लोग स्वयं जागरूक होंगे और पहल करेंगे, तभी स्वच्छ हरिद्वार की कल्पना साकार होगी।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने इसे “गंगा सेवा” करार देते हुए कहा कि गंगा मैया की सफाई पुण्य कार्य है। उन्होंने कहा कि यह महज़ एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि एक निरंतरता की मांग करता है।

हर व्यक्ति यदि सप्ताह में एक दिन भी सफाई को समर्पित करे, तो हरिद्वार जल्द ही एक स्वच्छ तीर्थनगरी बन सकता है।

गंगा घाटों की विशेष सफाई…..
एचआरडीए उपाध्यक्ष अंशुल सिंह ने कहा कि जिस प्रकार गंगा हमारे जीवन को शुद्ध करती हैं,

उसी तरह हमें भी गंगा और उनके घाटों को पवित्र बनाए रखने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने इसे एक जनआंदोलन का रूप देने की आवश्यकता जताई।

पुलिस भी उतरी श्रमदान में……
ज्वालापुर क्षेत्र में कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जटवाड़ा पुल स्थित घाट पर सफाई अभियान चलाया।

वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान और चौकी प्रभारी देवेंद्र चौहान की मौजूदगी में घाटों से प्लास्टिक और अन्य कचरे को हटाया गया। पुलिस टीम ने श्रद्धालुओं को स्वच्छता का महत्व समझाते हुए जागरूक भी किया।

बड़ी संख्या में लोगों और संस्थाओं की भागीदारी…..
इस अभियान में डीएफओ वैभव सिंह, एसपी सिटी पंकज गैरोला, एसडीएम जितेन्द्र कुमार, एचआरडीए सचिव मनीष सिंह, परियोजना निदेशक केएन तिवारी,

जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, महामंत्री आशु चौधरी सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्वयंसेवी संगठन सक्रिय रूप से शामिल हुए।

सम्बंधित खबरें