
हरिद्वार: नगर निगम चुनाव के दौरान कई मतदान केंद्रों पर हंगामे और झड़पों की घटनाएं सामने आईं। प्रत्याशियों और समर्थकों के बीच आरोप-प्रत्यारोप ने चुनावी माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।

सेंट मैरी स्कूल मतदान केंद्र पर हंगामा……
सेंट मैरी स्कूल में बने मतदान केंद्र पर निर्दलीय प्रत्याशी गौरव भाटिया के बूथ एजेंट से मारपीट के आरोप ने स्थिति को और बिगाड़ दिया। गौरव भाटिया ने भाजपा प्रत्याशी अनुज सिंह और उनके समर्थकों पर अपने बूथ एजेंट के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया।

हंगामे के दौरान भाजपा और निर्दलीय समर्थकों के बीच नोकझोंक बढ़ गई, जिससे मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लाठीचार्ज कर दोनों पक्षों को वहां से खदेड़ दिया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। निर्दलीय प्रत्याशी गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रत्याशी माहौल को जानबूझकर खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

एसएमजेएन कॉलेज: कांग्रेसी कार्यकर्ता पर हमला…..
एसएमजेएन कॉलेज में बने मतदान केंद्र पर भाजपा और कांग्रेस के बीच विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने एक कांग्रेसी कार्यकर्ता को फर्जी मतदान करने के शक में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने भी उस पर हाथ साफ किया।

हालांकि, भाजपा मेयर प्रत्याशी किरण जैसल के पुत्र रवि जैसल ने हस्तक्षेप कर विवाद को शांत करने की कोशिश की। तब तक कांग्रेसी कार्यकर्ता की बुरी तरह पिटाई हो चुकी थी। भाजपा ने इस कार्यकर्ता पर फर्जी मतदान का आरोप लगाया, जबकि कांग्रेस ने इसे बदले की भावना से किया गया हमला बताया।

सेवा सदन म्युनिसिपल हाई इंटर कॉलेज में हंगामा…..
सेवा सदन म्युनिसिपल हाई इंटर कॉलेज में फर्जी मतदान और मतदाता सूची से नाम हटाने को लेकर कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच तीखी झड़प हुई। कांग्रेस समर्थकों ने आरोप लगाया कि भाजपा ने मतदाता सूची से आम जनता के नाम कटवा दिए हैं।

इसी बीच, जब नगर विधायक मदन कौशिक मतदान केंद्र पर पहुंचे, तो कांग्रेसियों ने उन्हें घेर लिया और फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ नारेबाजी की। इसके जवाब में भाजपा समर्थकों ने भी कांग्रेसियों के खिलाफ जोरदार नारे लगाए।

पुलिस की तत्परता से मामला शांत…..
हंगामा बढ़ते देख पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तुरंत हस्तक्षेप किया। दोनों पक्षों को अलग-अलग किया गया, और विधायक मदन कौशिक को पुलिस सुरक्षा में मतदान केंद्र से बाहर निकाला गया। पुलिस ने कांग्रेस और भाजपा दोनों समर्थकों को सख्त चेतावनी दी और कानून व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी।
