
K.D.
गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में धरना दे रहे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की विवि प्रबंधन से नोंक झोंंक हो गई। जिसके बाद तीन कर्मचारी नए हरिद्वार में पानी की टंकी पर चढ़ गए। काफी देर तक हाइवोल्टेज ड्रामा चला। सिटी मजिस्ट्रेट, तहसीलदार मौके पर पहुंचे और सफाईकर्मियों से वार्ता की। बाद में कर्मचारी के खेद जताने पर कर्मचारी टंकी से नीचे उतरे।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी गुरुकुल में पांच दिन से धरना दे रहे हैं। सोमवार को प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच वार्ता होने पर नोंक-झोंक हो गई। प्रबंधन से जुड़े एक कर्मचारी पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए तीन कर्मचारी आनंद, पप्पू और अरविंद न्यू हरिद्वार कॉलोनी स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए।
जिससे पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से वार्ता की। इसके बाद अभद्रता करने के आरोपी कर्मचारी ने खेद जताते हुए वीडियो बनाई। ये वीडियो कर्मचारियों को भेजी गई। तब कर्मचारी टंकी से नीचे उतरे।