
हरिद्वार: मतदान से पहले भाजपा-कांग्रेस के नेताओं के बीच हुए विवाद में शहर कोतवाली पुलिस ने क्रॉस मुकदमें दर्ज कर लिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विवाद सोमवार सुबह हआ था। नगर विधायक मदन कौशिक के करीबी भाजपा नमो एप के जिला संयोजक भोला शर्मा की उस समय पिटाई कर गई थी जब वह कनखल से वापस लौट रहा था।

भाजपा नेता के भाई सौरभ शर्मा ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया था कि लव चौरसिया, कुश चौरसिया, मयूर उप्रेती, अंकुर निवासी ब्रम्हपुरी ने उसके भाई पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया है। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भाजपा नेता को एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया था।

इधर कांग्रेस से जुड़े दूसरे पक्ष के अभिनव चौरसिया निवासी निरंजनी अखाड़ा ने आरोप लगाया था कि भाजपा नेता भोला शर्मा, समीर शर्मा, अतुल जुनेजा,अमित बैट्री ने रविवार देर रात उसे पीटा था। यही नहीं गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी। सोमवार सुबह भी उसके साथ मारपीट की गई। शहर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि इस संबंध में दोनों पक्ष की शिकायत पर मुकदमें दर्ज कर लिए हैं।