
जनघोष-ब्यूरो
हरिद्वार। लालचंदवाला गांव में एक ग्रामीण पर गोली चलाकर सनसनी फैलाने वाले आरोपी को खानपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी हत्या के मामले में पूर्व में सजा काट चुका है और हाल ही में जेल से रिहा हुआ था।

घटना दो-तीन अगस्त की रात की है, जब एक ग्रामीण को गोली मारकर घायल कर दिया गया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना खानपुर पुलिस ने जांच तेज की।

पुराने विवाद में की फायरिंग….
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी सुशील पुत्र महेंद्र (उम्र 53 वर्ष), निवासी लालचंदवाला, ने शराब के नशे में पुराने विवाद के चलते फायरिंग की थी। इस हमले में एक व्यक्ति घायल हो गया था, हालांकि समय पर इलाज मिल जाने से उसकी जान बच गई।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी….
इंस्पेक्टर रविन्द्र शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रणनीति बनाई। रविवार सुबह मुखबिर की सूचना पर आरोपी को प्रहलादपुर अनाज मंडी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक देसी तमंचा (315 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पहले भी रह चुका है हत्या का दोषी…..
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी हत्या के एक मामले में लंबी सजा काट चुका है और कुछ महीने पहले ही जेल से रिहा हुआ था। जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देना शुरू कर दिया।

पुलिस टीम में शामिल रहे सदस्य…..
निरीक्षक रविन्द्र शाह – थाना प्रभारी, खानपुर
उप निरीक्षक समीप पांडे – चौकी प्रभारी, गोवर्धनपुर
कांस्टेबल: अरविन्द सिंह रावत, बलवीर सिंह, रितिक, सुमित
हेड कांस्टेबल चमन – एसओजी, रुड़की से विशेष सहयोग