चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार पुलिस का मिशन अलर्ट: सुरक्षा-सुविधा का मॉडल तैयार.. खुले संवाद में जवानों से सुझाव लेकर एसएसपी ने बढ़ाया आत्मविश्वास, यात्रियों के लिए लागू किया ट्रैफिक प्लान और हाईटेक निगरानी..

जनघोष-ब्यूरो:-
हरिद्वार:
चार धाम यात्रा 2025 के सफल व सुरक्षित संचालन के लिए हरिद्वार पुलिस ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।

आज पुलिस लाइन रोशनाबाद के बहुउद्देश्यीय हाल में पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ खुले मंच पर जनसंवाद कर यात्रा प्रबंधन को लेकर अहम निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जवानों से यात्रा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

जनसंवाद में पुलिसकर्मियों ने विभागीय समस्याओं और सुझावों को बेबाकी से रखा, जिन पर विचार कर त्वरित समाधान के निर्देश एसएसपी डोबाल ने अधीनस्थ अधिकारियों को दिए। इसके बाद चार धाम यात्रा में ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए एसएसपी ने हरिद्वार की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया और सतर्कता, अनुशासन व कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

चार धाम यात्रा के लिए विशेष व्यवस्थाएं…..
चार धाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए हरिद्वार पुलिस ने संपूर्ण यात्रा क्षेत्र को 2 सुपर जोन, 6 जोन और 13 सेक्टरों में विभाजित किया है। हर क्षेत्र में वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभारी नियुक्त किया गया है, ताकि निगरानी और व्यवस्थाओं का संचालन चुस्त-दुरुस्त रहे।

मुख्य बिंदु….
1:- यात्रा के लिए ऋषिकुल मैदान में पंजीकरण केंद्र स्थापित किया गया है।
2:- यात्री होल्डिंग के लिए चमगादड़ टापू और बैरागी कैंप को चिन्हित किया गया है।
3:- नारसन बॉर्डर पर स्क्रीनिंग प्वाइंट बनाया गया है।
4:- राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों की सुविधा हेतु QR कोड फ्लैक्सी लगाई गई हैं।
5:- पांच प्रमुख केंद्रों पर प्रशिक्षित पर्यटन पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था….
1:- यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की सतर्क उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।
2:- यातायात सुगमता के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा।
3:- होल्डिंग एरिया व पार्किंग स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है।
4:- जल पुलिस टीमें घाटों पर तैनात रहेंगी ताकि डूबने की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
5:- बम निरोधक दस्ते व श्वान दल की टीमें भी यात्रा सुरक्षा में जुटाई गई हैं।
6:- जेबकतरे, उठाईगिरे और भिखारियों पर सख्त कार्रवाई के लिए विशेष दस्ते गठित किए गए हैं।
7:- CCR (कंट्रोल रूम) पर खोया-पाया केंद्र स्थापित किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं की मदद की जा सके।

पुलिस बल की तैनाती….
चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए निम्नलिखित पुलिस बल तैनात किया गया है, जिनमे दो अपर पुलिस अधीक्षक, 06 पुलिस उपाधीक्षक, 11 निरीक्षक/थानाध्यक्ष/वरिष्ठ उप निरीक्षक, 25 उप निरीक्षक, 90 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 07 महिला आरक्षी, एक टी.आई., 04 टी.एस.आई./अ.उ.नि. टीपी, 69 होमगार्ड, बी.डी.एस./डॉग स्क्वाड टीम – 01 (12 कर्मी) 04 फायर सर्विस यूनिट, जल पुलिस टीमें – 07 (19 कर्मी) एक पीएसी कंपनी शामिल है।

जवानों के लिए विशेष निर्देश….
एसएसपी डोबाल ने निर्देश दिए कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस वाहन सड़क के किनारे अनावश्यक रूप से खड़े न हों। सभी कर्मी यात्रियों से मधुर व्यवहार करें और आवश्यक मार्गदर्शन दें। स्वच्छ वर्दी में रहकर उच्च स्तरीय अनुशासन का पालन करें।

ड्यूटी स्थल पर प्रतिस्थानी के आने तक कोई भी कर्मी स्थल न छोड़े। नियमित अंतराल पर ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को पानी और जूस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।इस अवसर पर जनपद के सभी पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी व अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

सम्बंधित खबरें