
हरिद्वार: गौकशी की तैयारी कर रहे एक कुख्यात गौ तस्कर को पथरी क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गोली लगने पर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी है। दरअसल, बीते नौ जनवरी को पुलिस ने इब्राहिमपुर गांव में आरोपी के घर पर गौकशी की सूचना पर छापा मारा था।

उसकी पत्नी को मांस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया था। लेकिन आरोपी भूरा बचकर भाग निकला था। पुलिस शिद्दत से उसकी तलाश रही थी। इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि भूरा फिर से गौकशी की तैयारी कर रहा है।

थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने दीनारपुर के जंगल में उसकी घेराबंदी करते हुए सरेंडर करने के लिए ललकारा। लेकिन उसने बचकर भागने के लिए तमंचे से पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस की तरफ से जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी।

तब पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। सूचना पर सीओ लक्सर नताशा सिंह भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली और घायल गौ तस्कर को रुड़की अस्पताल भिजवाया। पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचकर गौ तस्कर से पूछताछ की।

एसपी देहात शेखर सुयाल भी अस्पताल में मौजूद रहे। कुख्यात गौ तस्कर को पकड़ने पर एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार व उनकी टीम को शाबाशी दी। गौ तस्कर के कब्जे से एक जिंदा गौवंश भी बरामद किया गया है। जिसे गौकशी के लिए लाया गया था।

गौकशी के लिए कुख्यात है भूरा…..
इब्राहिमपुर निवासी भूरा गौकशी के लिए कुख्यात है। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि उसके खिलाफ पथरी थाने में ही गौकशी के छह-सात मुकदमें दर्ज हैं। उसके बारे में कहा जाता है कि इधर-उधर से गाय लाने के बाद वह अकेला ही गौकशी कर देता है। इसके बाद स्कूटर पर प्रतिबंधित मांस की सप्लाई करता था। करीब एक महीने बाद आरेापी को गिरफ्तार कर पुलिस ने उसकी पत्नी के पास जेल भेज दिया।