
हरिद्वार नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह अब निर्धारित समय से थोड़ा देरी से होगा। पहले यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे तय था, लेकिन अब इसे बदलकर दोपहर 12:30 बजे किया गया है। समारोह का आयोजन ऋषिकुल मैदान में होगा, जहां नवनिर्वाचित मेयर और पार्षद अपने पद की शपथ लेंगे।

नवनिर्वाचित मेयर किरण जैसल लेंगी शपथ…..
भाजपा की नवनिर्वाचित मेयर किरण जैसल इस कार्यक्रम में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगी। उनके साथ ही नगर निगम के सभी वार्डों से निर्वाचित पार्षद भी शपथ लेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में हरिद्वार के जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शपथ दिलाएंगे।

भव्य समारोह की तैयारियां पूरी…..
शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। ऋषिकुल मैदान को भव्य रूप से सजाया जा रहा है, और सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस कार्यक्रम में नगर निगम से जुड़े अधिकारी, भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और शहर के गणमान्य लोग शामिल होंगे।

नगर की नई सरकार संभालेगी जिम्मेदारी……
शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित मेयर और पार्षद नगर के विकास कार्यों को गति देने के लिए काम शुरू करेंगे। जनता को इन नए जनप्रतिनिधियों से बेहतर प्रशासन और विकास कार्यों की उम्मीद है। खासकर, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर नगर निगम की भूमिका अहम होगी।

राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण समारोह……
यह शपथ ग्रहण समारोह राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा ने इस बार हरिद्वार नगर निगम चुनाव में शानदार जीत दर्ज की है, और अब उनके द्वारा नगर निगम के विकास कार्यों को किस तरह से आगे बढ़ाया जाएगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। हरिद्वार के नागरिक इस कार्यक्रम को लेकर खासे उत्साहित हैं और ऋषिकुल मैदान में होने वाले इस आयोजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।